राजकीय बालिका इंटर कालेज मलवा में पुलिस की पाठशाला में बोलते सीओ सिटी संजय सिंह व मौजूद छात्राएं
- फोटो : FATEHPUR
मलवां। नवंबर का महीना यातायात माह के रूप में मनाया जाता है। बेशक, साल के 11 वें महीने में यातायात को लेकर कुछ हद तक सड़क पर सजगता नजर आती है लेकिन इसके खत्म होते ही फिर से सड़कों पर अस्त व्यस्त यातायात भागने लगता है। एक बात और, राह चलते महिलाओं के साथ खड़ी होने वाली दुश्वारियों से लड़ने के लिए जरूरी हेल्प लाइन नंबर का सहयोग लिया जा सकता है। अगर 112 नंबर नहीं मिल रहा है तो फिर जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर 9454403359 इस्तेमाल कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
यह बातें सोमवार कंो कस्बे के राजकीय बालिका विद्यालय में यातायात माह पर आयोजित गोष्ठी में डीएसपी सदर संजय कुमार सिंह ने कहीं। उन्होंने सड़क पर चलने के तौर तरीके बताने के साथ यातायात सुगमता की दिशा में छात्राओं से सहयोग मांगा। कहा कि अगर किसी प्रकार की दिक्कत में आप हैं तो बिना समय जाया किए 112 नंबर डायल करें। घरेलू हिंसा की जानकारी 181 पर दें। महिला उत्पीड़न के लिए 1090 मिलाएं और बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर 1098 का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि आपको पुलिस की तत्काल जरूरत हो और 112 न लग रहा हो तो ऐसे में जिले के नियंत्रण कक्ष के नंबर पर कॉल करके जानकारी दें। पुलिस की पाठशाला में छात्राओं को इन नंबरों का इस्तेमाल बताया गया।
कक्षा नौ की मानसी ने 181 नंबर को लेकर अनुभव साझा किया। कक्षा 10 की छात्रा सुधा देवी ने टोल फ्री नंबर 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर पर सूचना देने की जानकारी पर रोशनी डाली। क्षेत्राधिकारी नगर ने जागरुकता का संदेश देने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया। मौके पर प्रधानाचार्य सुजाता, प्रीति त्रिपाठी, सरला सचान, सोनल टंडन, रत्ना गौतम, दीपा मौर्य, रीना देवी, राजेश कुमार, रामबहादुर भी मौजूद रहे।