फतेहपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी के तहत जिले में पंचायत मतदाता सूची के वृहद पुनरीक्षण का काम सात जनवरी से 28 मार्च 2026 तक किया जाएगा। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कर मतदाता सूची को अद्यतन करना है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि संशोधित अधिसूचना के अनुसार दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद हस्तलिखित पांडुलिपियों की तैयारी, उन्हें सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा करना और संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन सात जनवरी से 20 फरवरी तक किया जाएगा।
इसके बाद 21 फरवरी से 16 मार्च तक पूरक सूचियों का कंप्यूटरीकरण कर उन्हें मूल सूची में शामिल किया जाएगा। आवश्यकतानुसार मतदान केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा। 17 मार्च से 27 मार्च तक मतदान केंद्रों का क्रमांकन, वार्ड मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, मतदाता सूची डाउनलोडिंग और फोटो प्रतियां तैयार की जाएंगी। अंतिम प्रकाशन 28 मार्च 2026 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्र में इस कार्यक्रम की सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करेंगे। पुनरीक्षण अवधि के दौरान सार्वजनिक अवकाश पर भी कार्यालय खुले रहेंगे।