फतेहपुर। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर खुद को इंग्लैंड का डॉक्टर बताने वाले साइबर अपराधी ने महिला को महंगे उपहार और सोने के गहने भेजने का झांसा देकर 3.72 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता की तहरीर पर राधानगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
देवीगंज निवासी संदीप मिश्रा की पत्नी निधि मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 26 जुलाई को इंस्टाग्राम पर एक आईडी से उन्हें संदेश मिला। संदेश भेजने वाले युवक ने खुद को इंग्लैंड का डॉक्टर बताया। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत होने लगी। आरोपी ने विश्वास में लेने के लिए कहा कि वह सोने के गहने व महंगे उपहार लेकर उससे मिलने भारत आ रहा है। कुछ समय बाद आरोपी ने फोन कर बताया कि वह मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंच गया है, जहां पुलिस ने उसे रोक लिया है। उसने सोने के गहनों, विदेशी मुद्रा के विनिमय और जीएसटी जमा कराने के नाम पर तत्काल रुपये भेजने की बात कही।
आरोपी की बातों में आकर निधि ने अलग-अलग क्यूआर कोड पर कुल 3.72 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये भेजने के बाद भी आरोपी ने और धनराशि की मांग की। मना करने पर धमकी मिलने से महिला को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। राधानगर थानाध्यक्ष श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। साइबर अपराधी की पहचान और धनराशि के ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है।