खखरेरु। थाना क्षेत्र के घरवासीपुर गांव में मंगलवार शाम जहरीला पदार्थ खाने से एक महिला की मौत हो गई। बुधवार को परिजन जब शव का अंतिम संस्कार करने यमुना किनारे दामपुर घाट पहुंचे तभी 112 नंबर पर सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव निवासी सीताराम की पत्नी प्रेमा देवी (55) ने मंगलवार शाम जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें रक्षपालपुर स्थित नर्सिंग होम ले गए। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला का पति सीताराम पुणे में मजदूरी करते हैं। वह गांव में अपने बेटों के साथ रह रही थीं। पुलिस के अनुसार सूचना पर दामपुर घाट पहुंचकर शव को कब्जे में लिया गया।
थानाध्यक्ष विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू कलह के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।