फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र में कॉलोनी दिलाने और मकान निर्माण के लिए छह लाख रुपये की आर्थिक सहायता का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने महिला से 1.86 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ललौली थाना क्षेत्र के कोंड़ार गांव निवासी शारदा देवी ने बताया कि 23 जुलाई को व्हाट्सएप नंबर पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले युवक ने सरकारी योजना के तहत मकान बनवाने के लिए छह लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद पासबुक की फोटो व्हाट्सएप पर मंगवाई।
इसके बाद दूसरे नंबर से कॉल कर जीएसटी व अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग तिथियों में रुपये जमा कराने को कहा। झांसे में आकर महिला ने बताए गए बैंक खाते में कुल 1.86 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। विश्वास दिलाने के लिए आरोपियों ने छह लाख रुपये खाते में भेजने का फर्जी स्क्रीनशॉट भी मोबाइल पर भेज दिया।
बैंक पहुंचने पर खाते में कोई राशि नहीं मिली तब महिला को साइबर ठगी का पता चला। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार राय ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।