फतेहपुर। नौकरी का झांसा देकर किसान से साढ़े चार लाख रुपये की ठगी की गई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एक महिला और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मटियारा गांव निवासी रमेश प्रसाद तिवारी ने बताया कि पड़ोसी गांव जमरावां निवासी सरवन से मित्रता है। गांव में ही सरवन किराने की दुकान चलाता है। अप्रैल 2022 को सरवन ने उसके पौत्र आदित्य की स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने की बात कही। नौकरी के एवज में पांच लाख रुपये की मांग की। धीरे-धीरे रुपये लेनदेन करने की बात तय हुई।
सरवन ने किसी महिला से नौकरी के संबंध में मोबाइल पर बातचीत कराई। महिला ने अपना परिचय सीएमओ के तौर पर दिया। महिला ने सरवन को रुपये देने के बाद 10 दिन में ज्वाइनिंग का भरोसा दिया। नौकरी के लालच में ढाई लाख रुपये का लोन कराया। बाकी उधार रुपये लेकर चार लाख 45,500 रुपये सरवन को मई 2022 में दिए। इसके बाद भी पौत्र की नौकरी नहीं लगी।
उसने 15 जुलाई 2022 तक नौकरी नहीं लगी तो रुपये वापस मांगे। उसने 30 अगस्त को रुपये वापसी के लिए सरवन से बोला। सरवन से फोन पर रुपयों के लिए पूछताछ की। तभी सरवन बोला कि सीएमओ रुपये वापस नहीं करेगी। वह किसी तरह उसके रुपये वापस करेगा। धीरे-धीरे टरकाता रहा। उसने 16 दिसंबर को 2022 रुपये देने से इन्कार कर दिया। रुपये हड़पे जाने का विश्वास होने पर पुलिस से शिकायत की। कोई सुनवाई नहीं होने पर कोर्ट की शरण ली। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।