संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। बिंदकी कस्बे के पांच वार्डों के लोग पिछले कई दिनों से पीने के बदबूदार पानी की सप्लाई से परेशान हैं। पानी में इतनी बदबू है कि दैनिक दिनचर्या में भी उपयोग नहीं किया जा सकता। ऐसे में वार्डवासी आरओ बोतल खरीदकर पानी पी रहे हैं। कस्बे के वार्ड 1, 6, 17, 16 व 21 में कई दिनों से गंदे पानी की सप्लाई सरकारी टयूबवेलों से हो रही है। लोगों का कहना है कि पाइप लाइन में लीकेज व जंग होने की वजह से नाले का गंदा पानी नलों से निकल रहा है।
पानी में होती है बदबू
कस्बे के वार्ड नंबर एक के निवासी सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि नल में पानी साफ आ रहा है, लेकिन पानी से इतनी बदबू आ रही है कि कोई उपयोग में नहीं आ रहा है। यह समस्या कई दिनों से है। ऐसे स्थिति रही तो आने वाले समय में गंभीर बीमारियां पैर पसार लेंगी
।
बच्चे बड़ रहे बीमार
वार्ड नंबर छह की तुलसा देवी का कहना है कि गंदा व बदबूदार पानी पीकर बच्चे बीमार पड़ गए है। नलों से आ रहे गंदे पानी पीने की मजबूरी है। पानी पीने के लिए आसपास के सबमर्सिबल व आरओ प्लांट से पानी की व्यवस्था कर रही हैं।
- वार्डों में सप्लाई से गंदे व बदबूदार पानी की समस्या का कोई भी विवरण नहीं प्राप्त हुआ है। वहां के जनप्रतिनिधियों ने भी ऐसी कोई शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलती है तो तुरंत उस पर एक्शन लेकर कार्य किया जाएगा।-नीरज शुक्ला, अवर अभियंता, जलकल विभाग