- कोर्ट के आदेश पर पिता-पुत्र समेत चार पर मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। युवक को अच्छी नौकरी का झांसा देकर शातिरों ने उसे सउदी अरब भेज दिया। इसके बदले में 3.69 लाख की ठगी कर ली। पुलिस ने धोखाधड़ी करने वाले पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है।
मलवां थाना क्षेत्र के तेलियानी गांव निवासी ज्ञानेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि हथगाम के अकबरपुर चौराई गांव के मोहम्मद एजाज और उसके पिता सलाम से उनक मुलाकात हुई। एजाज ने सउदी अरब में अच्छी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसके बाद रुपये लेकर 18 जुलाई 2022 को सउदी अरब भेजा। करीब ढाई माह काम करने के बाद वापस बुलाने की बात कही। काम के दौरान कोई मजदूरी नहीं दी गई और उसकी तबीयत भी बिगड़ गई थी।
पिता ने एजाज से शिकायत की। तभी एजाज ने उसे वतन बुलाने के लिए दो लाख 60 हजार की मांग की। पिता ने एजाज के कहने पर 11 अक्तूबर 2022 को कुछ रुपये दे दिए। इसके बाद किसी तरह 16 अक्तूबर घर आ सका। मजदूरी की रकम एक लाख रुपये, वीजा समेत अन्य खर्च करीब साढ़े तीन लाख से अधिक रुपया हुआ। रुपये वापसी के लिए पिता एजाज के गांव गए। वहां एजाज व उसके पिता सलाम ने टरका दिया। थानाध्यक्ष आलोक पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।