त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की रिक्त आधा दर्जन सीटों के
लिए रविवार को मतदान हुआ। कड़ी सुरक्षा चौकसी के बीच मतदान प्रक्रिया
शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। मतदान के बाद मतपेटियों को सील कर
पुलिस की अभिरक्षा में ब्लाक मुख्यालय के स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया।
इन रिक्त सीटों के लिए हुए मतदान की गणना 23 फरवरी को होगी।
यह मतदान
सुबह सात बजे से शाम पांच बजे हुआ। बीडीसी की तीन रिक्त सीटों में सदर
तहसील के हंसवा ब्लाक के हाशिमपुर भेदपुर के वार्ड नंबर 20 से दो उम्मीदवार
राजेश व बसंतलाल आमने-सामने थे।
इनका भाग्य लिखने के लिए 62 फीसदी मतदाता
घरों से बाहर निकले। यहां के बूथ नंबर 143 के 605 वोटरों में 409 ने
मताधिकार का प्रयोग किया। बूथ नंबर 144 के 618 वोटर में 383 व बूथ नंबर 145
के 162 मतदाताओं में 67 ने वोट किया। आरओ दीपिका सिंह की देखरेख में मतदान
हुआ।
इसी प्रकार बिंदकी तहसील के खजुहा ब्लाक के आलमगंज के वार्ड नंबर 15
में पांच बूथ बनाए गए थे। जबकि बनियानी के वार्ड नंबर 63 के लिए चार बूथों
पर वोटिंग हुई। इन दोनों वार्डों में मतदाताओं की कुल संख्या 3623 रही।
जिसके सापेक्ष 1651 ने मताधिकार का प्रयोग किया। इस लिहाज से इन दो वार्डों
में 45.6 प्रतिशत मतदान हुआ। ग्राम पंचायत सदस्यों की तीन रिक्त सीटों का
चुनाव भी बिंदकी तहसील में हुआ। मलवां ब्लाक की ग्राम पंचायत गुगौली के
वार्ड नंबर एक में 209 मतदाता थे। जिसमें से 161 ने मतदान किया।
वहीं इसी
ब्लाक की दरवेशपुर ग्राम पंचायत के दो वार्डों के लिए मतदान हुआ। यहीं के
वार्ड नंबर 12 व 13 में हुई मतदान प्रक्रिया में 338 के सापेक्ष 188 मतदाता
भाग्यविधाता बनने के लिए सामने आए।
मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद
मतपेटियोें को सील कर पुलिस की निगहबानी में संबंधित ब्लाक मुख्यालय में
रखवा दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम राजीव रौतेला ने बताया कि
मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपादित करा लिया गया है।