फतेहपुर। जिले के 45 और एडेड स्कूलों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम लागू होगा। इसके लिए डीआईओएस ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। इससे पहले 15 एडेड स्कूलों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम लागू है। यहां पर 11 ट्रेडों में पढ़ाई हो रही है।
शासन ने राजकीय और एडेड स्कूलों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम लागू करने का निर्णय लिया है। शासन ने स्कूलों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की रिपार्ट मांगी थी। डीआईओएस की रिपोर्ट में 12 राजकीय इंटर कॉलेज और 15 एडेड इंटर कॉलेजों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम लागू होना दर्शाया गया है। 38 राजकीय माध्यमिक और 12 एडेड स्कूलों में स्थान की कमी बताई गई है। 45 एडेड माध्यमिक विद्यालयों को व्यावसायिक पाठ्यक्रम लागू करने के लिए पात्र दर्शाया गया है। डीआईओएस शिवपूजन द्विवेदी ने बताया कि व्यावसायिक पाठ्यक्रम के लिए 45 स्कूलों का प्रस्ताव भेजा गया है।