फतेहपुर। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने संशोधित बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची स्वीकृत कर दी है। सूची में छह नए विद्यालय पहली बार परीक्षा केंद्र बने हैं। एक कंडम भवन वाला विद्यालय भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इससे पहले माध्यमिक शिक्षा विभाग भवन कंडम होने की रिपोर्ट लगाकर केंद्रों की सूची से बाहर करता रहा है।
महात्मा गांधी इंटर कॉलेज जोनिहां का भवन कंडम हो चुका है। नए भवन निर्माण के लिए पूर्व में डीआईओएस ने संस्था को जमीन बिक्री की अनुमति दी थी, लेकिन प्रबंध कमेटी में विवाद के कारण जमीन की बिक्री नहीं हो पाई और इसी भवन में विद्यालय संचालित हो रहा है। बोर्ड ने इसे परीक्षा केंद्र बनाया है।
बोर्ड परीक्षा 2024 में छह विद्यालय पहली बार परीक्षा केंद्र बने हैं। डीआईओएस शिवपूजन द्विवेदी का कहना है कि नए विद्यालयों के संसाधनों का डीएम ने एसडीएम से सत्यापन कराया है। क्षेत्र के परीक्षार्थी मानक से अधिक दूर न जाएं, इसलिए इन्हें परीक्षा केंद्र बनाया गया है।