भिटौरा विकास खंड के मिर्जापुर भिटारी गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को कस्बा में जिला पूर्ति निरीक्षक सुशील कुमार को करीब एक घंटे तक सड़क पर ही रोके रखा। इस दौरान नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियाें की शह पर कोटेदार समय से राशन नहीं बांटता है। इंस्पेक्टर ने वितरण तारीख पर राशन बंटवाने का आश्वासन दिया, तब ग्रामीणों ने उन्हें जाने दिया।
पूर्ति निरीक्षण कस्बे में गए थे। वहां ग्रामीणों ने उन्हें एक दुकान में उन्हं देख लिया। इसके बाद उन्हें सड़क पर बुलाकर ग्रामीणों ने घेर लिया। आरोप लगाया कि राशन बांटने की तारीख तय है। फिर भी कोटेदार समय से राशन वितरण नहीं करता है। बीपीएल के आधे कार्डधारकों को राशन देकर वितरण समाप्त कर दिया जाता है। बीपीएल काड धारकों को सस्ते राशन का लाभ भी नहीं मिलता है। इनके हिस्से का राशन कोटेदार व अधिकारी हजम कर रहे हैं।
पूर्ति इंस्पेक्टर सुशील कुमार का कहना है कि इस प्रकरण पर कोटेदार की जांच कराई जाएगी। दोषी मिलने पर कार्रवाई होगी। उन्होंने ग्रामीणों के गुस्से की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उन्हें सड़क पर 20 से 25 मिनट तक खड़ा कराए रखा गया। जांच के आश्वासन पर सभी मान गए।