थरियांव (फतेहपुर)। अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र के सपा प्रत्याशी व विधायक अयोध्या प्रसाद पाल को सोमवार देर शाम ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। लाठी-डंडे लेकर आए लोगों ने उनके दो वाहनों के शीशे तोड़ दिए। विरोध देखते हुए सपाई आनन-फानन मौके से लौट आए। इस दौरान भीड़ ने वापस जाओ के नारे लगाए। सपा प्रत्याशी अयोध्या प्रसाद पाल सोमवार को विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करने गए थे।
करीब एक सैकड़ा वाहनों का काफिला सुबह 10 बजे दतौली यमुना घाट से बहुआ होकर बरौहां से बवांरा, सरकी, लक्षीरामपुर, झब्बापुर, कटरा, असोथर, मनांवा पहुंचा। हर गांव में नुक्कड़ सभाएं भी हुई। यहां से देर शाम काफिला गांव नरैनी में पहुंचा था कि वहां मौजूद लोगों ने विरोध प्रदर्शन शरू कर दिया। वापस जाओ-वापस जाओ का नारा लगाते हुए कुछ युवकों ने वाहनों पर पथराव कर दिया। पहले तो कुछ समर्थकों ने भीड़ को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात बिगड़ती देख सभी लौट आए। इस दौरान उनके दो वाहनों के शीशे तोड़ दिए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो काफिला व भीड़ दोनों जा चुके थे।
अयोध्या प्रसाद पाल बोले
‘विरोध जैसी कोई बात नहीं है। वाहन गांव के अंदर घुस गए थे, जिससे रास्ता बंद हो जाने के कारण बच्चों ने चिल्लाना शुरू किया था, लेकिन बाद में ग्रामीणों ने उन्हें शांत करा दिया था। दौड़ाने जैसी कोई बात नहीं है।’
पुलिस का कहना है
‘ग्रामीण इस बात से गुस्से में थे कि चुनाव जीतने के बाद गांव क्यों नहीं आए। इसी बात को लेकर भीड़ गुस्से में थी और वापस जाओ के नारे लगाए। भीड़ का गुस्सा देख प्रत्याशी व समर्थक चले गए।’ चौकी इंचार्ज संजय यादव