फोटो-40-दलदल बने रास्ते में मिट्टी डालते ग्रामीण। स्रोत: वीडियो ग्रैब
- फोटो : रामेश्वर दास
बहुआ। असोथर ब्लॉक के महाखेड़ा गांव में ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाते हुए अपने दलदल रास्ते को चंदे से दुरुस्त किया है। आठ साल से खराब पड़े इस रास्ते से गुजरने को मजबूर ग्रामीणों को अब राहत मिली है। मोहल्ले के लोगों को लंबे समय से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने सात ट्रॉली मिट्टी और एक ट्रॉली ईंटों के टुकड़े डालकर रास्ते की पुराई कराई।
महाखेड़ा गांव में यह रास्ता अनुसूचित जातियों की आबादी का था जो दलदल में तब्दील हो गया था। नाली का पानी भरने के कारण यह पूरी तरह दलदल बन गया था। विनोद, रहिमाल, राकेश कुमार, अशोक कुमार, राजेश कुमार, होरीलाल, सोनू, हरिश्चंद्र, छेदीलाल और रमेश जैसे मोहल्ले के निवासियों के घरों के सामने पानी भरा रहता था। इससे उन्हें आवागमन में काफी परेशानी होती थी। ग्रामीणों ने अपनी समस्या के समाधान के लिए कई प्रयास किए थे।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान दयावती और ग्राम पंचायत सचिव अजय पटेल पर रास्ते की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीण पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि चंदा इकट्ठा कर रास्ते को चलने लायक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सात ट्रॉली मिट्टी और एक ट्रॉली ईंटों के टुकड़े डालकर रास्ता दुरुस्त कराया गया है। वहीं, ग्राम पंचायत सचिव अजय कुमार पटेल ने इस रास्ते के बारे में किसी भी जानकारी से इन्कार किया है।