फतेहपुर। ग्रामीणों ने दो मवेशी चोरों को पकड़ा है। आरोपी कानपुर व औरैया जिले के निकले हैं। ग्रामीणों ने आरोपियों को पीटकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जाफराबाद निवासी रामबाबू ने बताया कि वह रात को दरवाजे पर लेटे थे। दरवाजे पर चार भैंसें बंधी हुई थीं। लोडर सवार दो चोर भैंस खोलने पहुंचे। भैंस खोलते समय चोरों को रामबाबू ने ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया। रामबाबू ने बताया कि पकड़े गए बदमाश अनिल उर्फ राजीव निवासी ऐरवाकटरा जिला औरैया और शोएब आलम पुत्र अजमेरी अहमद निवासी चौबेपुर, कानपुर नगर हैं। ग्रामीणों ने दोनों को पीटकर बिंदकी पुलिस के हवाले किया। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जांच की जा रही है।