फतेहपुर। जिला अस्पताल में मरीजों को बाहर की दवाएं लिखे जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में चिकित्सक पर मरीज को बाहर से दवा लिखने का आरोप है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
इलाज कराने आए एक मरीज ने दवा का पर्चा मिलने के बाद चिकित्सक का वीडियो बनाया। यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
शासन का निर्देश है कि सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध दवाएं ही मरीजों को दी जाएं। बाहर की दवाएं केवल विशेष परिस्थितियों में ही लिखी जानी चाहिए। सीएमएस डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।