फतेहपुर। खनिज कार्यालय में तैनात बाबू राजेश कुमार का एक वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में वह कहते नजर आ रहे हैं कि शिकायत चाहे डीएम से करो, चाहे जहां करो। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति खेत में खनन रुकवाने की शिकायत लेकर कार्यालय पहुंचा था। बातचीत के दौरान वह वीडियो बनाने लगा और डीएम से शिकायत करने की बात कही। इस पर बाबू ने यह जवाब दिया।
मामले की पड़ताल में सामने आया कि मलवां थाना क्षेत्र के कांधी गांव में अवैध खनन पकड़े जाने के बाद कुछ लोग कार्यालय पहुंचे थे। यहां बातचीत के दौरान बाबू का वीडियो बनाया गया। इस पर कहासुनी हो गई।
खनिज अधिकारी सोमेंद्र तिवारी ने बताया कि विभाग ने शुक्रवार को कांधी गांव में अवैध मिट्टी खनन के दौरान एक जेसीबी समेत अन्य वाहन पकड़े थे। मौके पर खेतों से बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन मिला और हरे पेड़ तक जड़ से उखाड़ दिए गए थे।
कार्रवाई के बाद शाम को जेसीबी संचालक और खेत मालिक कुछ लोगों के साथ कार्यालय पहुंचे और दबाव बनाने का प्रयास किया। उन्हें समझाया गया। अवैध खनन की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। डीएम की संस्तुति के बाद जुर्माना लगाया जाएगा।