खागा। मौरंग खदानों में ट्रकों की बढ़ती संख्या और ओवरलोडिंग ने सड़कों की सूरत बिगाड़ रखी है। हालत यह है गुरुवार की रात रामपुर-गुरुवल मार्ग पर ट्रकों की लाइन लगने से 11 घंटे जाम लगा रहा। देर रात से शुरू हुआ जाम शुक्रवार की दोपहर तक जारी रहा। इससे ग्रामीणों के पसीने छूट गए।
रामपुर-गुरुवल मार्ग पर मौरंग लदे वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने से आए दिन जाम की समस्या पैदा होती है। गुरुवार की रात करीब एक बजे पहाड़पुर गांव में मौरंग लदा ट्रक बीच सड़क धंस गया। सुबह दस बजे दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को बाहर निकाला गया। इसके कारण करीब 12 घंटे तक जाम से जूझना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि 10 दिन पहले ही क्षेत्र में दूसरी मौरंग खदान चालू हुई है। ऐसे में सिंगल सड़क पर भारी वाहनों की संख्या बढ़ गई है। एक भी वाहन बिगड़ा तो सैकड़ों की संख्या में वाहन इस मार्ग पर फंस जाते है।
रोजाना करीब 700 ट्रक व ट्रैक्टर मौरंग लाद कर निकल रहे हैं। पक्की सड़क से तारकोल पूरी तरह से गायब हो चुका है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। थानाध्यक्ष किशनपुर पंधारी सरोज ने बताया कि जाम की सूचना पर पुलिस भेजी गई है। वाहनों को निकाल कर यातायात शुरू करा दिया गया है।