बहुआ। यमुना नदी के कोर्राकनक कंपोजिट खंड में मंगलवार को अवैैध खनन और जबरन रास्ते बनाने का आरोप लगाकर किसानों ने हंगामा किया। खंड संचालक और किसानों के बीच पंचायत हुई। विवाद का कोई हल नहीं निकला। इसके बाद किसान लौट गए और उच्चाधिकारियों से शिकायत की बात कही। दतौली, ओती, कोर्राकनक गांव के किसान गोलू भदौरिया, रमेश अग्निहोत्री, विवेक तिवारी, नीरज, संजय, कुलदीप सिंह, कल्लू, मुन्ना, राजेश सिंह, राहुल सिंह कोर्राकनक खंड पहुंचे। खंड में हंगामा करने लगे। भूमिधरी से मौरंग खनन और उनकी जमीनों से बगैर मुआवजे के रास्ता बनाने का आरोप लगाया। मुआवजे की मांग की। खदान संचालक सुधीर तिवारी मौके पर पहुुंचे। उनकी और किसानों के बीच पंचायत चली। पंचायत में किसानों ने आरोप लगाया कि मौरंग खनन खनिज विभाग और राजस्व कर्मियों की सांठगांठ से हो रहा है। जलधारा से अवैध खनन किया जा रहा है। असलहों के बल पर उनकी जमीनों से रास्ता बनाया गया है। कई बार खनिज और राजस्व अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है।