खागा। फतेहपुर टेकारी गांव में खेत में जुताई करते समय दो पक्षों के बीच जमीन पर कब्जे को लेकर झगड़ा हो गया। मारपीट में दोनों पक्ष के आठ लोगों को चोट आ गई। ग्रामीणों ने झगड़ा बंद कराया तो दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे और शिकायत की।
खागा कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर टेकारी निवासी विजय कुमार ने कोतवाली में बताया कि उनका गांव में खेत है। इसका उन्होंने कोर्ट में मुकदमा कर रखा है और मामला विचाराधीन है। इस खेत पर गांव के ही अयोध्या व रामकिशुन अपना हक बता रहे हैं। मंगलवार की सुबह करीब दस बजे अयोध्या, उनके भाई रामकिशुन, फूलमती पत्नी अयोध्या व रुपरानी पत्नी रामकिशुन खेत पर ट्रैक्टर से जुताई करने पहुंचे थे। तभी वहां पर विजय कुमार, उनकी उर्मिला, बहू सुलेखा व पुत्र दीपक पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच खेत पर कब्जे को लेकर मारपीट हो गई। इसमें विजय, उर्मिला, सुलेखा व दीपक और दूसरे पक्ष से फूलमती, अयोध्या, रामकिशनपुर व रुपरानी को चोट लगी। दोनों पक्षों कोतवाली पहुंचे और एक दूसरे के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज की तहरीर दी। पुलिस घटना की जांच कर रही हैं।