अमौली। चांदपुर थाना क्षेत्र के दुर्गा का डेरा गांव में मिर्च विक्रेता ललित कुमार के फंदे से लटके मिले शव के मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। दोनों पर मिर्च विक्रेता के लापता होने से पूर्व मारपीट करने का आरोप है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उन दोनों के खिलाफ खुदकुशी को उकसाने की रिपोर्ट पुलिस दर्ज कर सकती है।
सरहन बुजुर्ग गांव के दुर्गा का डेरा निवासी ललित कुमार रविवार की शाम मदरी गांव की बाजार में मिर्च बेचने गया था। इसके बाद घर नहीं लौटा था। उसने एक साथी से बाइक घर भेजी थी। बाइक लेकर पहुंचे युवक ने ललित से मारपीट होने की बात उसके परिवार को बताई थी।
परिजन ललित की खोजबीन में जुटे थे। लापता होने के तीन दिन बाद बुधवार को गांव किनारे ललित का पेड़ पर फंदे से शव लटका मिला था। पिता शिवनारायण ने पड़ोसी युवकों पर बेटे से मारपीट और हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मारपीट करने वाले दोनों युवक को पकड़ा और पूछताछ शुरू की। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों ने एक लड़की के मामले को लेकर ललित से मारपीट करने की बात स्वीकारी है, लेकिन इसके बाद ललित कहां गया ये किसी को पता नहीं है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। इसके आधार पर जांच की जाएगी।