मुगलरोड हाईवे पर चिल्लीमोड़ के पास शनिवार को एक ट्रक ने अनियंत्रित होकर चार साइकिलों को चपेट में ले लिया। इससे दो युवकों की मौके पर मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर अफसरों को बुलाने और मुआवजे की मांग कर जाम लगा नारेबाजी की। इस दौरान राहगीरों से ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुई। अफसरों व विधायकों के आश्वासन देने पर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खत्म किया गया।
जानकारी के अनुसार, बंगला अर्दना गांव, सजेती कानपुर निवासी दूध विक्रेता लखनपाल(45) अपने ही गांव के वीरेंद्र पाल, सियाराम व जहानाबाद थाना क्षेत्र के चिल्ली गांव निवासी संतोष उर्फ कल्लू(50) के साथ अपनी-अपनी साइकिलों से गांव लौट रहे थे। चिल्लीमोड़ गांव के पास हाईवे पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवारों को चपेट में ले लिया।
लखन पाल व संतोष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और वीरेंद्र पाल व सियाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से कोहराम मच गया। सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण जुट गए। दो साइकिल सवारों की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने डेढ़ घंटे तक मुगल रोड हाईवे पर यातायात नहीं चलने दिया। राहगीरों व पुलिस से ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुई।
आक्रोशित ग्रामीणों को पहले सीओ आरके वर्मा ने समझाने का प्रयास किया। बात नहीं बनी तो विधायक घाटमपुर इंद्रजीत कोरी, जहानाबाद विधायक मदन गोपाल वर्मा पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री कोष व जिला प्रशासन से मृतक आश्रितों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, तब ग्रामीणाें ने जाम हटाया।
तब तक करीब चार किलोमीटर तक यातायात ठप हो चुका था। पुलिस ने मृतक संतोष के बेटे प्रदीप व मृतक लखन के बेटे योगेंद्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दुर्घटना कर भाग रहे ट्रक चालक को आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक पर पत्थर फेंककर रोकने की कोशिश की। उधर, पुलिस ने सूचना पाकर ट्रक को घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के चौकी कुंआखेड़ा के पास पकड़ लिया, लेकिन चालक फरार हो गया।