फतेहपुर। जिले में गरीबों की संख्या में इजाफा हो रहा है। वर्ष 2018 में हुए सर्वे के बाद जिले में पीएम आवास योजना के दो हजार से अधिक नए लाभार्थी चिन्हित हुए हैं। हालांकि नए लाभार्थियों को अब अगले सर्वे के बाद योजना का लाभ मिलेगा।
पीएम ग्रामीण आवास योजना के तहत पात्र व्यक्ति को राज्य सरकार की तरफ से घर बनाने के लिए 1.20 लाख रुपये की धनराशि मिलती है। इस वर्ष जिले में 7,259 लाभार्थियों को योजना के तहत घर देने का लक्ष्य तय हुआ है। इसमें 840 घर बन गए हैं।
अन्य लाभार्थियों को भी योजना की पहली और दूसरी किस्त पहुंच गई। बता दें कि वर्ष 2018 के सर्वे में जिले में करीब 1.10 लाख गरीब चिन्हित हुए थे। जो आवास योजना के लाभार्थी भी थे। इस वर्ष का लक्ष्य पूर्ण होने के बाद सर्वे के शत प्रतिशत लाभार्थी लाभान्वित हो जाएंगे।
हाल में चल रही विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान पीएम आवास योजना के दो हजार से अधिक नए लाभार्थी प्रकाश में आए हैं। अब वर्ष 2024 में फिर से गरीबों का सर्वे होगा। फिर आवेदन और जांच के बाद ही नए लाभार्थियों को घर बनाने के लिए योजना की किस्त मिलेगी। आवास का लाभ लेने के लिए नए लाभार्थियों को अभी लंबा इंतजार करना होगा।
कोट
संकल्प यात्रा के दौरान प्रकाश में आए नए लाभार्थियों को अगला सर्वे होने के बाद ही आवास योजना का लाभ मिलेगा। लाभार्थी इधर उधर के बहकावे में न आएं।
- शेषमणि सिंह, परियोजना निदेशक, डीआरडीए। फतेहपुर।