फतेहपुर। पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा छह दिसंबर को जिले के 26 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस बार पहली बार प्रत्येक केंद्र पर दो सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रशासन ने तैयारियां शुरू करने के साथ ही कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
परीक्षा के लिए निर्धारित 26 केंद्रों पर दोनों पालियों के लिए अलग-अलग सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। उनकी जिम्मेदारी परीक्षा संपन्न कराने से लेकर उत्तर पुस्तिकाएं जमा कराने तक की होगी। इसके अलावा प्रत्येक विद्यालय में परीक्षा से एक दिन पहले से दो दिनों के लिए एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि परीक्षा के लिए कुल 452 कक्ष निरीक्षक लगाए जाएंगे। इनमें 226 केंद्र के और 226 बाहरी कक्ष निरीक्षक होंगे। प्रत्येक कक्ष में दो निरीक्षकों की ड्यूटी रहेगी।
दोनों पालियों में परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पहले अभ्यर्थियों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचें।