अमौली-जहानाबाद रोड पर बाबूपुर मोड़ के पास शनिवार सुबह दो स्कूलों की वैन आमने-सामने टकरा गईं। जबरदस्त भिड़ंत में दोनों वैन चालकों की मौत हो गई। एक वैन में सवार आठ बच्चे मामूली रूप से चुटहिल हो गए।
चांदपुर थाना क्षेत्र के बोधीपुर गांव निवासी व्यास नारायण का बखियापुर गांव में पटेल शिक्षण संस्थान के नाम से स्कूल है। बोधीपुर गांव निवासी नंदकिशोर (55) इस स्कूल की वैन चलाते थे। सुबह करीब साढ़े सात बजे वह बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। बाबूपुर मोड़ के पास सामने से जहानाबाद के नरैनी स्थित शिशुपाल उत्तम मेमोरियल स्कूल के बच्चों को घरों से लेने जा रही वैन से सीधी भिड़ंत हो गई। इस वैन को चांदपुर थाना क्षेत्र के कनेरा गांव निवासी सूरजपाल का बेटा कमल (25) चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखचे उड़ गए। घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों ने आनन-फानन में नंदकिशोर की वैन में बैठे बच्चों को नीचे उतारा। स्टेयरिंग तोड़कर दूसरे वैन चालक कमल को बाहर निकाला गया। पुलिस ने कमल को सीएचसी अमौली पहुंचाया। यहां से उसे कानपुर रेफर किया गया। कानपुर हैलट में कमल की इलाज के दौरान मौत हो गई। थानाध्यक्ष कैलाश नाथ ने बताया कि नंदकिशोर के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। नंदकिशोर के परिजनों ने कमल की लापरवाही से हादसे का आरोप लगाया है। एसओ का कहना है कि वाहनों की फिटनेस सर्टिफिकेट के साथ अन्य दस्तावेज खंगाले जाएंगे। छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।