क्षेत्र के साताें पीत गांव में 63 केवीए का ट्रांसफार्मर दो महीने से फुंका है। इससे लोग अंधेरे में रहने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीणों की सूचना पर आए बिजली विभाग के कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर का कनेक्शन हटा दिया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
फुंके ट्रांसफार्मर को 48 घंटे में बदलने का फरमान धड़ाम है। प्रदेश सरकार के नियम को ताक पर रख कर विभागीय अधिकारी काम कर रहे हैं। ग्रामीण रामचंद्र सिंह का कहना है कि गांव के टेंपो स्टैंड पर दर्जन भर जूस और ठंडा की दुकानें है। दो महीने से बिजली सप्लाई ठप होने से दुकानदारों की रोजी-रोटी छिन गई है। ठंडा की दुकानें बंद हैं। ग्रामीण सोनू सिंह का कहना है कि 63 केवीए के ट्रांसफार्मर से क्षमता से अधिक कनेक्शन हैं।
ओवरलोड होने से ट्रांसफार्मर दो-तीन महीने में फुंक जाता है। 75 फीसदी उपभोक्ता हर महीने बिजली बिल जमा करते हैं। ओवर लोड ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की उपकेंद्र के जेई से मांग की जा चुकी है। जेई बसंतलाल का कहना है कि ट्रांसफार्मर ओवरलोड है। अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने के लिए इटीमेट बनाकर भेजा गया है। अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मंजूरी मिलने के बाद सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।