फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के चितौरा गांव में बृहस्पतिवार को बच्चों के झूले को लेकर विवाद हो गया। एक पक्ष ने पेड़ की डाल काट दी। विरोध करने पर दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। इसमें दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने बताया कि एक पक्ष से बड़ेलाल रैदास, पत्नी सुशीला देवी और रूपरानी पत्नी सुघर रैदास तथा दूसरे पक्ष से नरेंद्र रैदास, विजय रैदास और रीना देवी पत्नी नरेंद्र रैदास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं।
आरोप है कि विजय ने घर के पीछे लगे पेड़ की डाल काट दी। बड़ेलाल ने इसका विरोध करते हुए कहा कि इसी डाल पर बच्चे रस्सी डालकर झूला झूलते हैं। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में रूपरानी और नरेंद्र घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।