जहानाबाद (फतेहपुर)। बाइकों की भिड़ंत में मंगलवार दोपहर किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की सीएचसी में हालत गंभीर कानपुर हैलट रेफर किया गया है। हादसे से त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
थानाक्षेत्र के नोनारा गांव निवासी आयुष (16) अपने छोटे भाई संजीव के साथ बाइक से जहानाबाद त्योहार की खरीदारी करने जा रहा था। दूसरी बाइक में सवार थाना बकेवर थाने के पधारा निवासी प्रांजुल सिंह राठौर (30) अपने चचेरे भाई कामता (40) और कामता की पत्नी निशा सिंह (30) के साथ जहानाबाद से चांदपुर रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे।
जहानाबाद के कलाना स्थित गरिमा कोल्ड स्टोर के पास दोनों बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे। घटनास्थल पर ही आयुष और प्रांजुल की मौत हो गई। तीनों घायलों को सीएचसी जहानाबाद से कानपुर हैलट रेफर किया गया। मृतक आयुष के पिता उमाशंकर उर्फ चिनका का हाल बेहाल दिखा। उधर, प्रांजुल के पिता पप्पी सिंह राठौर बदहवास दिखे। मृतक आयुष कक्षा नौ का छात्र था। थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि मृतक प्रांजुल हेलमेट लगाए था। उसका हेलमेट अलग दूर मिला है। दूसरी बाइक के सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
15 दिन पहले हुई थी प्रांजुल की शादी
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले प्रांजुल की शादी 18 फरवरी को ज्योति सिंह के साथ हुई थी। प्रांजुल की पत्नी ज्योति के हाथों में लगी मेंहदी भी नहीं छूटी थी। उसका सुहाग उजड़ गया। ज्योति का मायका कानपुर देहात में है। हादसे से दोनों पक्षों में कोहराम मच गया। प्रांजुल अपने रिश्तेदार के घर अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। प्रांजुल तीन भाइयों राहुल सिंह, जितेद्र सिंह में दूसरे नंबर का था। वह बड़ोदरा में प्राइवेट नौकरी करता था।