फतेहपुर/औंग/बिंदकी। जिले में रविवार को हुए चार सड़क हादसों में उन्नाव के युवक व रेलवे से सेवानिवृत्त वृद्ध की मौत हो गई। बाइक सवार पिता-पुत्र और एक अधेड़ महिला घायल हो गई। तीनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दो हादसों की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर के शांतिनगर निवासी रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मी रामशंकर (60) रविवार सुबह हाईवे की ओर टहलने निकले थे। लोधीगंज के पास ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में रामशंकर की मौके पर ही मौत हो गई। बेटे प्रेम कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा कर लिया है।
दूसरा हादसा औंग थाना क्षेत्र में गुधरौली के पास हुआ। वहां ट्रक की टककर से मोहसिन (20) की मौत हो गई। उन्नाव जिले के शुक्लागंज के गांधीनगर निवासी मोहसिन बंथरा में चमड़ा फैक्टरी में काम करता था।
जेब में मिले मोबाइल से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता मोईन ने बताया कि मोहसिन इकलौता बेटा था। दो बेटियां महक और मुस्कान हैं। वह फतेहपुर किसी काम से आया था। थानाध्यक्ष वृंदावन राय ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
तीसरा हादसा जाफरगंज थाना क्षेत्र के गहरूखेड़ा गांव के पास हुआ। बाइक सवार डांडा अमौली निवासी भगवानदीन (60) और उनके बेटे सुजीत (16) को लोडर ने टक्कर मार दी। घायल पिता-पुत्र को सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया है।
हथगाम संवाद के अनुसार चौथा हादसा सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अफाई के पास हुआ। पैदल कस्बे जा रही सोहदमऊ की जन्नतुन निशा को कार ने टक्कर मार दी। घायल महिला को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के रेलवे ट्रैक से 30 वर्षीय युवक का बुधवार को शव मिला। पहचान न होने से शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ट्रेन से गिरने से मौत होने का अनुमान लगा रही है। (संवाद)