पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी निजाम व गुड़िया।
- फोटो : पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी निजाम व गुड़िया।
खागा। कोतवाली क्षेत्र के खैरई गांव के पचीसा से बुधवार की शाम घर के बाहर से खेलते एक पांच साल का बच्चा लापता हो गया। पुलिस ने गुरुवार को बच्चे को सकुशल बरामद कर राजस्थान की महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनका एक साथी फरार है। पुलिस का दावा है कि गिरोह के सदस्य बच्चे चुराकर दूसरे प्रांत में भीख मांगवाने जैसे काम के लिए बेचते हैं।
गांव निवासी कलीम उर्फ जुम्मन का पांच वर्षीय पुत्र उजैश उर्फ कल्लू 29 जनवरी की शाम करीब चार बजे घर के बाहर खेल रहा था। वह अचानक लापता हो गया था। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर खोजबीन में जुटी। बच्चे के साथ पचीसा गांव निजाम को देखने की चर्चा सामने आई। एसआई प्रवीण यादव ने टीम के साथ निजाम की खोजबीन की और गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने सदर कोतवाली के तुराबअली का पुरवा निवासी गुड़िया के घर में दबिश दी। वहां से बच्चे को बरामद किया। पुलिस के मुताबिक गुड़िया मूलरूप से राजस्थान के अलवर जिला रायगढ़ थाना क्षेत्र के बनकट की कोठी की रहने वाली है। गुड़िया के निजाम व थरियांव थाने के एकारी निवासी शिवशंकर परिचित हैं। उसके कहने पर राजस्थान में तीनों ने पांच लाख रुपये में बच्चा बेचने की योजना बनाई थी। योजना के तहत निजाम घटना की शाम बच्चे को अकेला देखकर मोबाइल दिखाते हुए गांव के बाहर लेकर पहुंचा। वहां शिवशंकर और गुड़िया बाइक से मौजूद थे। वह दोनों बच्चे को लेकर शहर आ गए थे। कोतवाल हेमंत कुमार मिश्र ने बताया कि बच्चे को सकुशल बरामद किया है। पूरे गिरोह के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।