फोटो 05:: जतिन की फाइल फोटो।
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए निकले दो दोस्त सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
जतिन शिवहरे (24) और दोस्त ओम भदौरिया (19) बाइक से भिंड से इटावा की ओर आ रहे थे। थाना बढ़पुरा क्षेत्र के ग्राम कामेत पुलिया के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। बाइक फिसलते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर बढ़पुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां डॉक्टर ने जतिन शिवहरे को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल ओम भदौरिया का उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और बाइक के अनियंत्रित होकर फिसलने को हादसे की वजह माना जा रहा है। संवाद