फतेहपुर। जिले में करीब एक साल बाद कोरोना ने फिर दस्तक दी है। गुरुवार को दो लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। उन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम शुक्रवार को दोनों के परिवार के सदस्यों की जांच करेगी। कोरोना मरीज मिलने से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अमला सतर्क हो गया है।
जिला अस्पताल में सर्दी, खांसी, जुकाम व बुखार के मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। गुरुवार को भी अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। ब्लाॅक देवमई के दो मरीज जिला अस्पताल उपचार के लिए पहुंचे। एक सर्दी, जुकाम, बुखार और दूसरा सर्जरी कराने के लिए आया था। डॉक्टरों ने दोनों को आरटीपीसीआर (कोरोना टेस्ट) के लिए भेजा। दोनों में कोरोना के लक्षण मिले। दोनों को तत्काल होम क्वारंटीन होने के लिए कहा गया।
सीएमओ सुनील कुमार भारती ने बताया कि गुरुवार को दो संक्रमित मिले हैं। शुक्रवार को दोनों के गांव में टीम भेजकर परिजनों की जांच कराई जाएगी। कोरोना को लेकर स्वास्थ्य अमला सजग है। अभी सर्दी, जुकाम और बुखार के लक्षण गंभीर हैं। लोगों को कोरोना से जुड़ी सावधानी बरतनी चाहिए। यही कोरोना को रोकने का बेहतर तरीका है।
जिला अस्पताल में सर्दी, जुकाम, बुखार के मामले बढ़ने के बाद भी आरटीपीसीआर टेस्ट नहीं बढ़ाए जा रहे हैं। कोविड रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को 115 रिपोर्ट प्राप्त हुईं। उसमें दो पाॅजिटिव मिले, जबकि अस्पताल में ओपीडी की संख्या 1500 तक पहुंच रही है।
- भीड़भाड़ वाले इलाके में जाने से बचें।
- मास्क लगाकर ही निकलें।
- दूरी बनाकर बात करें।
- थोड़ी-थोड़ी देर में हाथ धोते रहें।
- कोविड के नियमों का पालन करें।