फतेहपुर। पटेल नगर चौराहे के समीप स्थित वी-मार्ट के सामने मंगलवार की शाम को कार हटाने को लेकर दो कार सवारों के बीच मारपीट हो गई। एक ने बोल्ट खोलने वाला रिंच मारकर दूसरे का सिर फोड़ दिया जबकि दूसरे ने ट्रांसफार्मर के चबूतरे पर युवक का सिर भिड़ा दिया। दोनों लहूलुहान हो गए, मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया और कार्रवाई के लिए कोतवाली ले गई।
नगर कोतवाली क्षेत्र के गैस गोदाम के पास रहने वाले हर्ष और जोनिहा क्षेत्र के शहजादीपुर निवासी ओमकार एक मॉल के सामने कार से आमने-सामने गुजर रहे थे। भीड़ अधिक होने के कारण ओमकार ने हर्ष से कार को किनारे करने की बात कही। इस पर हर्ष ने कार किनारे करने से मना कर दिया। दोनों के बीच कहासुनी हो गई। कार से उतरे ओमकार और हर्ष के बीच मारपीट हो गई। सड़क पर दोनों पक्षों की कारें खड़ी होने की वजह से जाम की स्थिति बन गई। ओमकार के साथ मौजूद महिला ने कहा कि हर्ष पर अभद्रता करने जाने का आरोप लगाया। पीआरवी ने दोनों को मौके पर ही रोके रखा। सूचना पर कचहरी चौकी प्रभारी अनमोल सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों का उपचार कराने के लिए जिला अस्पताल ले गए। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर लेकर कार्रवाई की जाएगी।