सिराथू (कौशाम्बी)। सैनी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में फतेहपुर के दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
फतेहपुर के किशनपुर थाना क्षेत्र के शिमली गांव निवासी कपिल कुमार पटेल (35) शुक्रवार दोपहर बाइक से ससुराल निंदूरा गांव जा रहे थे। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर अजुहा कस्बे के समीप ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे कपिल घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी सिराथू पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना मौलवीपुर गांव के पास हुई। फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के बैहराना गांव निवासी सुनील कुमार (36) साली पूजा को बाइक से लेकर भौरोपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में सुनील, पूजा और दूसरी बाइक पर सवार कड़ा धाम निवासी नितिन घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टर ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। पूजा और नितिन की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज मंझनपुर रेफर किया गया है। कोतवाली प्रभारी त्रिलोकी नाथ पांडेय ने बताया कि अजुहा के पास हुए हादसे में ट्रेलर चालक वाहन सहित फरार हो गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।