खागा। कोतवाली क्षेत्र के अमांव गांव में जाली नोटों के कारोबार के मामले में पुलिस ने शनिवार को गिरोह के दो और शातिरों गिरफ्तार किया है। इनके पास से पांच-पांच सौ के कुल सात हजार रुपये के जाली व तीन हजार के असली नोट बरामद हुए हैं।
खागा कोतवाल राजेश कुमार सिंह, अपराध निरीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला ने टीम के साथ महाराजगंज जनपद के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर एकडंगा निवासी सुनील चौरसिया व बिहार प्रांत के जनपद मोतिहारी के बंजरिया थाने के जनेरवा गांव निवासी शेख गुल्फिकार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सुनील के पास से चार हजार रुपये नके जाली नोट व शेख गुल्फिकार के पास से तीन हजार रुपये के पांच-पांच सौ के जाली नोट बरामद किए हैं। इसके साथ ही सुनील के पास से 1200 रुपये व शेख गुल्फिकार के पास से 1800 रुपये के असली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया है। अमांव निवासी परवेज सिद्दीकी गिरोह के दोनों संपर्क में थे। परवेज इनसे कई बार लेनदेन कर चुका है। पुलिस की विवेचना में दोनों के नाम प्रकाश में आए थे। खागा पुलिस ने इस गिरोह का पर्दाफाश करने के बाद सबसे पहले अमांव निवासी नौशाद उर्फ चुन्नू, आवेश आलम व मूल रूप से सम्भल जनपद के बेजुई थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी दानिश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। गिरोह के मुख्य आरोपी अमांव निवासी परवेज सिद्दीकी, उसके साढ़ू खखरेरू थाना क्षेत्र के जहांगीर नगर गहुरा उस्मान व कौशांबी जिला कड़ाधाम थाना क्षेत्र के चूहापीरन निवासी गुुफरान को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने बरामदगी में पर्याप्त सबूत न होने पर तीनों को उसी दिन जमानत दे दी थी।