फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार भोर पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस, गोकशी में प्रयुक्त उपकरण और चोरी की एक बाइक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुठभेड़ में हत्या की कोशिश की प्राथमिकी भी दर्ज की है।
हथगाम थाना क्षेत्र के छिवलहा-अमलिहा पाल मार्ग पर नहर के पास 17 जुलाई की रात गोकशी की गई थी। ग्रामीणों ने 18 जुलाई को नहर किनारे दो गोवंश और एक बछड़े के अवशेष देखे थे। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि हथगाम-अंबापुर रोड पर आरोपियों के होने की सूचना पर पुलिस टीम एक स्कूल से लगभग 200 मीटर आगे आम और महुआ के बाग के पास पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस से घिरने पर आरोपियों ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में शमीम निवासी रज्जीपुर, छिवलहा थाना क्षेत्र हथगाम के बाएं पैर तथा आफताब आलम निवासी पीरनपुर सदर कोतवाली के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने हथगाम के चिम्मन उर्फ नसीम और इमरान के साथ मिलकर गोकशी की वारदात को अंजाम दिया था। बरामद बाइक चोरी की निकली। आरोपियों ने गोकशी के लिए कुछ दिन पहले कर्बला के पास से यह बाइक चोरी की थी। पकड़े गए दोनों आरोपियों पर पूर्व से तीन और गोकशी के चार मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपियों के कब्जे से दो 315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, तीन लोहे के चापड़, एक लकड़ी का ठीहा, एक नीली प्लास्टिक शीट और बिना नंबर प्लेट की चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद हुई। कार्रवाई में हथगाम थाना प्रभारी अरुण चतुर्वेदी, छिवलहा चौकी प्रभारी उत्कर्ष मिश्रा समेत थाने की अन्य पुलिस टीम शामिल रही।
फोटो-10-आरोपी शमीम। संवाद
फोटो-10-आरोपी शमीम। संवाद