चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल चित्रांश नगर रविवार को
मंगलगीत और शहनाई के सुरों से गूंज उठा। हरे बांस मंडप छाए, सियाजी को
ब्याहन राम आए, मंगल गीत की धुन पर पांच जोड़ों ने अपना जीवनसाथी चुना।
समधी की रस्म चित्रांश महासभा के जिलाध्यक्ष एवं समाज के वरिष्ठ नेता
कालीशंकर मामा ने निभाई। सदर विधायक विक्रम सिंह ने सामूहिक विवाह समारोह
की सराहना की।
सामूहिक विवाह समारोह के विशाल पांडाल में वर और वधू पक्ष
के लिए बैठने की अलग-अलग व्यवस्था रही। दोपहर 12 बजे बैंड बाजे के साथ
स्कूल से बारात निकली, जिममें पांच कारों में दूल्हा और डांस करते वर के
साथी बांदा सागर बाईपास मार्ग तक गए। वहां से बारात फिर स्कूल परिसर में
आई।
स्कूल गेट पर अखिल भारतीय चित्रांश महासभा की जिला इकाई ने बारात की
अगवानी की। माथे पर तिलक और गले में माला पहनाकर सभी को परिसर में आयोजन
स्थल पर ले जाया गया। इसके बाद मंच पर जयमाल की रस्म अदा की गई। महासभा के
साथ ही वर वधू पक्ष के लोगों ने जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
मंडपों में
विद्वान आचार्यों ने मनीष संग सपना, बृजेश संग संगीता, अभिनव संग खुशबू,
संजीव संग शालिनी व शिवनाथ संग साक्षी के वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अग्नि
के फेरे कराए और कन्या पक्ष की महिलाओं ने मंगल गीत गाए। कार्यक्रम का
संचालन महासभा के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष विनोद कुमार श्रीवास्तव ने किया।
समारोह की व्यवस्था कार्यक्रम के सह संयोजक सुनील कुमार श्रीवास्तव, प्रदेश
उपाध्यक्ष राजसेन श्रीवास्तव, जिला महामंत्री विवेक श्रीवास्तव, युवा
जिलाध्यक्ष बृजेश श्रीवास्तव, युवा नगर अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव, खागा
तहसील अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, जहानाबाद नगर अध्यक्ष राजेंद्र निगम, युवा
तहसील अध्यक्ष बिंदकी शिवम श्रीवास्तव, राघवेंद्र एवं युवा उपाध्यक्ष
रामचंद्र, सभासद हाजी रजा, विद्याभूषण तिवारी, जागृति तिवारी आदि ने
बारातियों का स्वागत किया। सदर विधायक विक्रम सिंह, बसपा नेता समीर
त्रिवेदी, कार्यक्रम संयोजक पंकज राय, मनीष सिध्वी, गुड्डी सिंह व महासभा
ने वर-वधू को उपहार भेंट किए।