फतेहपुर। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर बृहस्पतिवार रात खड़े ट्रक में पीछे से दूसरा ट्रक टकरा गया। हादसे में चालक व खलासी की मौत हो गई। पुलिस हादसे की वजह चालक को झपकी आना मान रही है।
राजस्थान के परौली जिला भीलवाड़ा निवासी शोभाराम मीणा (40) ट्रक चालक थे। ट्रक में भीलवाड़ा निवासी सावर लाल (22) खलासी था। गुजरात के अजार से पुराने टायरों का भाड़ा लेकर दोनों वाराणसी जा रहे थे।
सदर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ बाईपास के पास खड़े ट्रक से उनका ट्रक भिड़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को बाहर निकाला। खलासी सावर लाल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घायल चालक शोभाराम को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया। यहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बाइकों की भिड़ंत में चार की हालत गंभीर
जाफरगंज। थाना क्षेत्र के कटिलिहा गांव के समीप रिंद नदी पुल के पास शुक्रवार शाम बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार अरुण निवासी केवाई थाना जाफरगंज, प्रियांशु निवासी साढ़ गोपालपुर कानपुर और सुनील निवासी कुन्हवा का डेरा खुरमा नगर थाना ललौली घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार रणमस्तपुर निवासी कमल लाल गंभीर घायल हुए। इनके साथ बाइक पर सुभाष बाल-बाल बचे। कमललाल और सुभाष कटिलिहा गांव से बाइक से रणमस्तपुर लौट रहे थे। सुनील मौसेरे भाई अरुण और दोस्त प्रियांशु के साथ कानपुर में बहन के यहां गुड़िया का त्योहार देकर गांव लौट रहा था। तभी पुल के पास दोनों बाइकों की टक्कर हो गई। घायलों की हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज अल्लीपुर रेफर किया है।