माधौगंज (हरदोई)। कटरा-बिल्हौर हाईवे पर रुकनापुर के पास ट्रक ने बाइक सवार चचेरे भाइयों को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ननिहाल जा रहे थे। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
बिलग्राम कोतवाली के नूरपुर हथौड़ा गांव निवासी अंकित (27) व चचेरा भाई ईशू (23) बुधवार की दोपहार में बाइक से माधौगंज कस्बा आए थे। यहां पर अंकित ने भवन निर्माण का सामान खरीदा। उसके बाद दोनों ननिहाल मल्लावां कोतवाली के बरौना गांव के लिए जा रहे थे।
कटरा- बिल्हौर हाईवे पर रुकनापुर के पास ट्रक ने बाइक सहित दोनों को रौंद डाला। आनन फानन दोनों को सीएचसी ले जाया गया। डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में रोना-पिटना मच गया। दोनों प्राइवेट नौकरी करते थे। थानाध्यक्ष सुब्रत नारायण त्रिपाठी ने बताया कि अभी तहरीर नही मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
इनसेट
ईशू लुधियाना, अंकित नोएडा में करता था प्राइवेट नौकरी
माधौगंज। दोनों चचेरे भाइयो में आपस में बहुत ही प्रेम था। ईशू लुधियाना में प्राइवेट नौकरी करता था। अंकित नोएडा में नौकरी करता था। दोनों घर में आर्थिक सहयोग करते थे। दोनों ही बहुत मिलन सार थे। दोनों भाई अवकाश पर भी साथ-साथ ही आते थे। दोनों के साथ-साथ मौत होने से पूरे परिवार में मातम पसर गया है।
इनसेट
मासूम के सिर से उठा पिता का साया
अंकित व पत्नी अंकिता के दो वर्ष की पुत्री है। परिजनों के मुताबिक अंकित 15 दिन पहले नोएडा से घर आया था। उसकी मौत से मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया। ईशू की अभी शादी नहीं हुई थी।
इनसेट
...काश लगा होता हेलमेट
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार दोनों भाई हेलमेट नहीं लगाए थे। दोनों के सिर पर ही गंभीर चोट होने की बात बताई जा रही है। लोगों में चर्चा कि अगर हेलमेट लगाए होते तो शायद दोनों के सिर में इतनी गंभीर चोट न आती।