बिंदकी (फतेहपुर)। मौरंग लदे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से चिल्ड्रेंस पब्लिक स्कूल की मिनी बस खड्ड में गिर गई। इससे पांच बच्चे घायल हो गए। चालक को भी चोटें आईं। यह हादसा बुधवार दोपहर बांदा-सागर हाईवे पर दिलावलपुर मोड़ के पास हुआ। हादसे की खबर मिलते ही अभिभावकों में हड़कंप मच गया। घायल बच्चों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
बुधवार दोपहर 12.20 बजे चिल्ड्रेंस पब्लिक स्कूल की मिनी बस दो दर्जन बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। दिलावलपुर मोड़ के पास बांदा की ओर से आ रहे मौरंग लदे ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। इससे बस खड्ड में जा गिरी। हादसे में शहबाजपुर के कक्षा पांच का छात्र जतिन, उसकी बहन कक्षा दो की छात्रा अर्पिता, इसी गांव का कक्षा दो का छात्र अक्षत, कक्षा पांच का छात्र हर्षवर्धन और फरीदपुर निवासी कक्षा दो का छात्र अक्सान गंभीर रूप से घायल हो गए।
खिदिरपुर निवासी मिनी बस चालक अशोक को भी चोटें आईं। सभी घायलों को हाईवे से गुजर रहे भाजपा नेता विपिन पटेल, सपा नेता गोपाल यादव ने अपने वाहनों से सीएचसी पहुंचाया। मिनी बस को टक्कर मार कर भाग रहे ट्रक का बाइक सवार ग्रामीणों ने पीछा किया। कोरवां गांव के पास ट्रक रुकवा लिया गया लेकिन चालक, क्लीनर भाग निकले। कोतवाल राजेश सिंह बताया कि विद्यालय संचालक सरदार जसवीर सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पूर्व मंत्री व सपा के बिंदकी विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी अमर जीत सिंह जनसेवक, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामेश्वर दयाल उर्फ दयालू गुप्ता सीएचसी पहुंचे। विद्यालय संचालक सरदार जसवीर सिंह, प्रधानाध्यापिका देवेंदर कौर ने भी स्टाफ के साथ सीएचसी पहुंचकर घायल बच्चों व उनके अभिभावकों को ढांढस बंधाया।