फतेहपुर। कोल्ड स्टोर में आलू रखने के लिए किसानों को मशक्कत करनी पड़ रही है। स्टोर के बाहर आलू से लदे वाहनों की लाइन लगी है। दो-दो दिन तक नंबर में लगे रहने के बाद आलू रखा जा हा है। किसान भूखे, प्यासे दिन रात लाइन में लगे रहते हैं। किसानों के लिए आलू एक बार फिर परेशानी बन गया है। सुबह से ही स्टोर में आलू उतारने की मारामारी शुरू हो जाती है। सुबह से शाम तक लाइन में लगे रहने के बाद भी नंबर नहीं आता है। थरियांव कोल्ड स्टोर में गेट से तिराहे तक ट्रैक्टरों की लाइन लग रही है। शंकर बरदारी कोल्ड स्टोर में भी बहरामपुर-थरियांव मार्ग के दोनों ओर आलू के लोड वाहन खड़े रहते हैं। सुंदर कोल्ड स्टोर बिलंदा में आलू से लदे वाहन हाइवे में कतार से खड़े हैं। किसानों की मजबूरी का फायदा स्टोर के पल्लेदार भी उठा रहे हैं। वाहनों से आलू उतारने का मनमानी भाव कर रहे हैं। बहुत से किसानों को खुद ही वाहन से आलू उतारना पड़ता है। उधर, सब्जी मंडी में आलू की आवक के अनुसार बिक्री कम है। इससे आलू का भाव तेजी से लुढ़क गया है। इससे किसानों की लागत नहीं निकल रही है। किसान मजबूरी में आलू स्टोर में जमा कर रहे हैं। किसान बबलू लोधी ने बताया कि मंडी में आलू का भाव बहुत ही कम है। इससे लाइन में लग कर आलू स्टोर में रख रहे हैं।