हथगाम (फतेहपुर)। पुलिस ने तिहरे हत्याकांड में मुख्य आरोपी मुन्नू सिंह के करीबी विवेक पासवान को शुक्रवार सुबह कस्बे से गिरफ्तार किया है। विवेक के पास से हत्याकांड में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए हैं। प्रकरण में और भी किसी के शामिल होने की आशंका पर जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के तहिरापुर गांव का विवेक पासवान मुख्य आरोपी मुन्नू सिंह का काफी नजदीकी है। वह मुन्नू सिंह के लिए हर अपराध तक करता था। पुलिस ने चेकिंग दौरान उसे सुबह हथगाम कस्बे से गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद नामजद आरोपियों में अब कोई नहीं बचा है। नामजद के अलावा भी किसी के शामिल होने की आशंका पर पुलिस जांच कर रही है।
वहीं गांव में तीन थानों की पुलिस व दो कंपनी पीएसी बल तैनात है। पुलिस पीड़ित व आरोपियों के घरों के आसपास तैनात है। गांव में माहौल सामान्य दिखा। थानाध्यक्ष निकेत भारद्वाज ने बताया कि फरार विवेक पासवान को गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है।