फतेहपुर बांदा-टांडा हाईवे पर करीब पांच घंटे जाम लगा रहा। करीब दस किलोमीटर तक वाहन फंसे रहे। गड्ढे में फंसे ट्रक के हटने के बाद यातायात बहाल हो सका। जाम में एंबुलेंस, कार, रोडवेज बस भी फंसी रहीं। इस मार्ग पर जाम की बड़ी वजह शाह बाईपास का शुरू न होना है।
बांदा-टांडा हाईवे पर ढकौली के करीब अंडरब्रिज के निकट गहरे गड्ढे हैं। गड्ढे में रात करीब तीन बजे ट्रक फंस गया। बांदा की ओर से आने जाने वाले ट्रकों की कतार लग गई। जाम में रोडवेज बस, एंबुलेंस, राहगीरों के वाहन भी फंसे रहे।
राहगीरों ने 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ट्रक के फंसे होने से कुछ नहीं कर सकी। करीब सुबह आठ बजे ट्रक को मौके से हटाया गया।
इसके बाद वाहनों का धीरे-धीरे चलने का सिलसिला चालू हुआ। राधानगर चौकी इंचार्ज संगम लाल प्रजापति, शाह चौकी इंचार्ज संदीप तिवारी ने यातायात बहाल कराया।