खागा (फतेहपुर)। अजमेर से यात्रियों को कोलकाता जा रही टूरिस्ट बस बुधवार सुबह कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर डंपर में पीछे से टकरा गई। हादसा डायवर्जन के पास हुआ। उस समय दोनों वाहनों के चालक डायवर्जन मोड़ पर थे। बस में सवार करीब 15 यात्रियों को चोट आई। घायलों को हरदों सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीएचसी से दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
कोलकाता के करीब 55 यात्री 15 दिन पहले बस से यात्रा पर निकले थे। बस चालक राणादीप शाह यात्रियों को अजमेर स्थित ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह व अन्य धार्मिक स्थलों पर भ्रमण कराने के बाद लौट रहा था। खागा कोतवाली क्षेत्र के गौरइया देवी मंदिर के सामने करीब सुबह पांच बजे वाहन डायवर्जन प्वाइंट पर पहुंचे। यहां से वन-वे शुरू होता है।
डायवर्जन पर डंपर चालक ने ब्रेक मारी। अचानक चालक के डंपर रोकने से बस का चालक नियंत्रण खो बैठा। बस डंपर में एक साइड से टकरा गई। टक्कर की आवाज से यात्रियों की नींद खुली। यात्री एक दूसरे पर गिरे। आगे की ओर टकराने वाले हिस्से में बैठे यात्री घायल होने से चीख-पुकार मचाने लगे। आसपास के लोग मदद को पहुंचे।
घायल सायमा परवीन (30), तमन्ना बीबी (32), मो. इकबाल (40), तबस्सुम निशा (35), मुन्नी बीबी (70), तायरा खातून (36), नसीम (40), अफजल (45), मोहम्मद यूनुस (40), रुखसाना (24), सूर्या प्रवीण (21), मुर्तजा (36), कमाल हटी (44), शमशुन निशा (45), नूरजहां बेगम (60) चोट आई। सीएचसी से सायमा परवीन और तमन्ना को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायल पश्चिम बंगाल के बताए जा रहे हैं।
कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि सभी घायल सुरक्षित हैं। हादसा सुबह कोहरे की वजह से हुआ है। दुर्घटनास्थल पर डायवर्जन भी है। कोहरे में डायवर्जन दूर से ट्रक चालक को नहीं समझ आया। अचानक ब्रेक मारने पर बस चालक का नियंत्रण खो बैठा। तभी हादसा हुआ है।
इनसेट
इमरजेंसी गेट खोलकर यात्रियों को निकाला
हादसे के बाद टूरिस्ट बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस से निकलने के चक्कर में यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। बस के इमरजेंसी गेट खोलकर स्थानीय लोगों ने एक सीढ़ी लगाकर यात्रियों को बाहर निकाला। कम समय में यात्रियों को बाहर निकाला जा सका।
वहीं हादसे के पीछे हाईवे पर खागा में गौरैया देवी मंदिर के सामने से डायवर्जन प्वाइंट से वन-वे है। वन-वे सुजरही तक रहता है। कई हादसों के बाद निर्माण कार्यदायी संस्था ने फॉग लाइट, स्पीड ब्रेकर, रेडियम युक्त पिलर, रम्बल पट्टी आदि की व्यवस्था की है। डायवर्जन से पहले ही वाहनों की रफ्तार कम हो सके। कोहरे के कारण हादसे हो रहे हैं।