संवाद न्यूज एजेंसी
बहुआ। ललौली थाना क्षेत्र के बांदा-टांडा नेशनल हाईवे में जिंदपुर टोल प्लाजा संचालकों की मनमानी जारी है। टोल संचालक कंपनी कोरल एसोसिएट लिमिटेड के कर्मचारी डंडे के बल पर टोल शुल्क वसूल रहे हैं। इसके विरोध में टोल में घंटों जाम लगा रहा।
मंगलवार को नौ बजे का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो जिंदपुर टोल प्लाजा का बताया जा रहा है। टोल प्लाजा में भारी वाहनों का लंबा जाम लगा है और टोल में कई ट्रक चालक हंगामा कर रहे हैं। हंगामा करने वाले चालक अपने चालक साथी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं। इस मौके पर ट्रक चालक रामौतार लालगंज, सूरजपाल रायबरेली, प्रीतम सिंह फतेहपुर, संतोष कुमार बछरावां ने आरोप लगाया कि जिंदपुर टोल प्लाजा में आए दिन टोल कर्मी विवाद करते हैं। चालकों के साथ अभद्रता की जाती है। जिंदपुर टोल प्लाजा संचालक कंपनी कोरल एसोसिएट लिमिटेड के मैनेजर राजू चौहान ने बताया कि विवाद नहीं हुआ है, आरोप बेबुनियाद है।