संवाद न्यूज एजेंसी
शाह। निर्माणाधीन मैरिज हाॅल में मंगलवार दोपहर आग लग गई। करीब दो घंटे तक आग लगी रही। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कलक्टरगंज निवासी रज्जन द्विवेदी कटका मोड़ के पास मैरिज हाल का निर्माण करा रहे हैं। दूसरी मंजिल पर स्लैब डालने की तैयारी हो रही है। शटरिंग के बाद सरियों का जाल बिछाया जा रहा था। रज्जन ने बताया कि सुबह कुछ सरियों को काटने और जोड़ने का काम वेल्डर कर रहे थे। काम के बाद वेल्डर चले गए। वेल्डिंग की चिंगारी शटरिंग तक पहुंची होगी, तभी शटरिंग में आग लग गई। आग कुछ ही देर में पूरी शटरिंग में फैल गई। नलकूप से आग पर काबू नहीं पा सके तो दमकल को सूचना दी। दमकल ने आग बुझाई। मैरिज हाॅल निर्माण के लिए 35 लाख की कीमत का शटरिंग का सामान खरीद कर लाए थे। यह शटरिंग बाद में किराये पर देने के काम आती। जाल बिछाने में आठ से 10 लाख की सरिया लगी है। आग से सरियों की मजबूती खत्म हो गई है। इससे सरिया भी बेकार हो गई है।