फतेहपुर। जिले में कोरोना टीकाकरण का एक और पूर्वाभ्यास होने जा रहा है। इससे पहले पांच जनवरी को पूर्वाभ्यास हो चुका है। इस बार के पूर्वाभ्यास में बूथ बढ़ा दिए गए हैं और कोरोना योद्धाओं की संख्या कम कर दी गई है।
टीकाकरण के पूर्वाभ्यास को लेकर गठित टीमों को विभिन्न जानकारी देते हुए इस पूर्वाभ्यास के बेहतर परिणाम का जिम्मा सौंपा गया है। जिले में कोरोना वैक्सीनेशन का कार्य आबादी का 30 से 40 फीसद के बीच होना है।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग यह तादाद पांच लाख 20 हजार मानकर चल रहा है। इस मुहिम में कोरोना योद्धा के रूप में काम करने वाले सरकारी कर्मचारियों की संख्या शामिल नहीं हैं, क्योंकि यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सोमवार को सवा नौ बजे से 23 कोरोना सेंटर के 37 बूथों में वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास शुरू होगा। रविवार को एसीएमओ डॉ. सुरेश कुमार ने पूर्वाभ्यास की ड्यूटी में लगाए गए कार्मिकों को जरूरी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कोरोना वैक्सीन कभी भी आ सकती है। इससे पहले जितना पूर्वाभ्यास कर सकते हैं। उसे ईमानदारी से अंजाम दें। अभी तक हम सभी अपनी ड्यूटी को बेहतर तरीके से अंजाम देने में सफल रहे हैं।
जिला अस्पताल, मां रामरती मेमोरियल अस्पताल, मिशन अस्पताल, नगाीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पक्का तालाब, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विनोबा नगर, पीएचसी गोपालगंज, नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र औंग, पीएचसी खजुहा, पीएचसी देवमई, पीएचसी जहानाबाद, पीएचसी अमौली, दमापुर अतिरिक्त पीएचसी, पीएचसी तेलियानी, पीएचसी हथगाम, सीएचसी हीथगाम, सीएचसी खागा, पीएचसी विजयीपुर, सीएचसी खखरेड़ू, सीएचसी धाता, सीएचसी हुसैनगंज, पीएचसी बहुआ, पीएचसी हसवा, सीएचसी गाजीपुर व सीएचसी सराय खालिस
कोरोना टीकाकरण का पूर्वाभ्यास सोमवार को होगा। स्वास्थ्य कर्मियों की 37 टीमें बनाई गई हैं। नोडल भी नियुक्त किए गए हैं। जो पूर्वाभ्यास पर नजर रखते हुए कार्मिकों की कार्य क्षमताओं का मूल्यांकन करेंगे। - डॉ. गोपाल कुमार महेश्वरी, सीएमओ