कालेधन के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुहिम में पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट बंद करने के बाद पहले दिन जब बैंक और डाकघर खुले तो अफरातफरी का माहौल रहा। हर किसी को अपने पुराने नोटों को बैंक में जमा करने और दूसरे नए नोट लेने की जल्दी रही। पेश है शहर के विभिन्न बैंक शाखाओं में दिनभर की गतिविधियों का जायजा लेती एक रिपोर्ट।
दृश्य एक:- समय सुबह 8 बजकर 56 मिनट पर शहर के पत्थरकटा चौराहा स्थित स्टेट बैंक शाखा गेट के पास ग्राहकों की भीड़ एकत्र हो गई। करीब 20-25 लोग हाथों में पहचान पत्र लिए मुख्य गेट से बैंक की ओर झांकते नजर आए। उस समय बैंक में सुरक्षा कर्मी तो तैनात नजर आया लेकिन कर्मी नहीं दिख रहे थे। करीब साढ़े नौ बजे से ग्राहकों को गेट में प्रवेश दिया गया। देखते ही देखते गेट से सड़क तक ग्राहकों की लंबी लाइन लग गई। बैंक के अंदर कैश जमा करने और एक्सचेंज काउंटर में ग्राहक पहुंचे। सुरक्षा कर्मियों ने एक बार में दस- दस ग्राहकों को बैंक के अंदर भेजा। यहां ग्राहकों को सौ-सौ रुपये के नोट दिए गए। मुराइनटोला के मोहम्मद तौसीफ ने बताया कि वह 12 बजे आए थे डेढ़ बजे के बाद नोट एक्सचेंज हो पाए हैं। इसी प्रकार लाइन में लगे मुराव मंडा सराय निवासी इकबाल बहादुर ने बताया कि पैसा जमा करने आए हैं करीब आधा घंटे हो गए अभी नंबर नहीं आया। शाखा प्रबंधक प्रीती सचान ने बताया कि ग्राहकों को कैश उपलब्ध कराया जा रहा है। शाखा प्रबंधक ने बताया कि शुक्रवार को उनके यहां दो हजार व पांच सौ के नोट आने की उम्मीद है।
दृश्य दो:- दोपहर दस बजकर 10 मिनट पर शहर के आईटीआई रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में सड़क से बैंक तक ग्राहकों की लंबी लाइन लगी थी। हर शख्स उतावला था कि उसका नंबर कैसे पहले आ जाए। इसके लिए उसने जुगत भिड़ाने में भी कोर कसर नहीं छोड़ी। बैंक परिसर में काउंटर तो अतिरिक्त थे लेकिन ग्राहकों की संख्या अधिक होने से अफरातफरी का माहौल रहा। इसका ज्यादा शिकार उम्रदराज लोग और महिलाएं रहीं। बैंक कर्मियों का कहना है कि बॉब में भी शुक्रवार को दो हजार रुपये के नोट आने की उम्मीद है।
दृश्य तीन:-समय दोपहर करीब 11 बजकर 40 मिनट पर सिविल लाइन स्थित एक्सिस बैंक
अंदर ग्राहकों की जबरदस्त भीड़ रही। लंबी लाइन में लगे ग्राहकों में नोट बदलने की हड़बड़ाहट दिखी। यहां दो हजार रुपये के नोट आए थे। इस वजह से कई बार ग्राहकों में आपस में नोकझोंक भी हो गई। जिस पर सुरक्षाकर्मियों को शांत कराना पड़ा। ग्राहकों को बैंक से दो हजार की नई नोटें और सौ की नोटें दी गईं।
दृश्य चार:- समय 12 बजकर 26 मिनट पर पंजाब नेशनल बैंक की शाखा सिविल लाइन में बैंक परिसर से लेकर सीढ़ियों तक ग्राहक नजर आए। यहां शुरू में सौ की नोटें मिली लेकिन बाद में करेंसी खत्म होने पर ग्राहकों को परेशान होना पड़ा। हरिहरगंज निवासी रोहित, देवीगंज के विनोद ने बताया कि फार्म भरने के बाद नोट बदलने के टहल रहे लेकिन रुपये नहीं दिए जा रहे। शाखा प्रबंधक सतीश कुमार ने बताया कि ग्राहकों को कैश उपलब्ध कराया जा रहा है। सभी ग्राहकों को कैश मिलेगा धैर्य रखें।
दृश्य पांच:- समय एक बजकर 20 मिनट पर विद्यार्थी चौराहे के समीप स्थित आईडीबीआई बैंक में कैश कम होने से ग्राहकों को भटकना पड़ा। सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। यहां दो हजार की नोट न मिलने से ग्राहकों को सौ-सौ की नोट दी गई जो दोपहर बाद वह भी शार्ट हो गई। बाद में बैंक का शटर आधे से नीचे गिरा दिया गया। सहायक शाखा प्रबंधक अक्षत रस्तोगी ने बताया कि कैश कम था इसलिए दिक्कत हो रही है। अतिरिक्त कैश की डिमांड की गई है।
दृश्य छह:- दोपहर दो बजकर 38 मिनट पर शहर के एचडीएफसी बैंक में ग्राहकों की भीड़ रही। एक्सचेंज और कैश डिपोजिट काउंटरों के सामने लोगों की लंबी लाइन लाइनें लगी थी। यहां पर दो महिलाएं भटकती मिलीं। पूछने पर अपना नाम दीपिका देवी और सपना वर्मा निवासी आबूनगर बताया। कहा कि उन्हें चार हजार रुपये बदलना है लेकिन वह पहचान पत्र नहीं लाई। इस पर बैंक कर्मियों ने उन्हें लौटा दिया। शाखा प्रबंधक पल्लव खन्ना ने बताया कि दो तीन दिन बाद सब सामान्य हो जाएगा। ग्राहक परेशान न हों आसानी से कैश मिलेगा।