बेंहटा गांव के पास पेड़ के सहारे लटकी बस, पास में खड़े यात्री
- फोटो : FATEHPUR
अमौली(फतेहपुर)। जहानाबाद से फतेहपुर जाने वाली प्राइवेट बस गुरुवार को टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि बस खंती में पेड़ के सहारे जा टिकी। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। 35 यात्री चुटहिल हुए हैं। ग्रामीणों ने खिड़कियों के कांच तोड़कर फंसे लोगों को बाहर निकाला। यात्रियों को मामूली चोटें आईं हैं। घायल मौके से ही दूसरे वाहनों में सवार होकर रवाना हो गए। मार्ग पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा है। पुलिस ने क्रेन के जरिए बस को हटवाया गया।
प्राइवेट बस जहानाबाद से फतेहपुर को निकली थी। चांदपुर थाने के बेहटा गांव के पास बस पहुंची थी तभी दाहिना टायर फट गया और बस अनियंत्रित होकर पलटकर रोड किनारे बबूल के पेड़ पर जा टिकी। बस में करीब 35 लोग सवार थे। एक दूसरे पर गिरने से यह यात्री चुटहिल हुए हैं। हादसा देखकर ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर एंबुलेंस और पुलिस पहुंची। अमौली सीएचसी के कर्मचारी चौकन्ना हो गए। बस में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
बस के चालक दिनेश निवासी लालपुर मड़राव और परिचालक छोटा साहू निवासी बरवा हैं। इनके अलावा बस में गुड़िया, रूपम निवासी खोटिला, तारा देवी और शकुंतला निवासी भिखनीपुर, राजू निवासी मउदेव, राजाराम निवासी सठिगवां समेत 35 लोग चुटहिल हुए हैं। चिकित्साधीक्षक पुष्कर कटियार ने बताया कि कोई घायल सीएचसी नहीं आया है।
बता दें 18 नंवबर को भी जाफरगंज से घाटमपुर जाने वाली प्राइवेट बस बोलेरो से भिड़ंत बचाने की कोशिश में पलट गई थी। यह हादसा चांदपुर के मदरी गांव के पास हुआ था। हादसे में किसी तरह की जान माल का नुकसान नहीं हुआ था। थानाध्यक्ष डीडी सिंह ने बताया कि बस के पेड़ पर टिक जाने की वजह से किसी को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। सभी यात्री दूसरे वाहन से रवाना हो गए।