हुसैनगंज। मजदूरी के रुपये लेनदेन को लेकर हुए विवाद में लकड़ी ठेकेदार पर चाकू से हमला कर दिया गया। आरोपियों पर 15 हजार रुपये छीनने का भी आरोप है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल को जिला अस्पताल से कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
थाना क्षेत्र के असनी गांव निवासी राजा सोनकर (56) लकड़ी कटाई का व्यवसाय करते हैं। बृहस्पतिवार को वह रायबरेली के डलमऊ से लकड़ी बेचकर बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में पेट्रोल खत्म होने पर बाइक पैदल लेकर आने लगे। शाम को गोपालपुर खुरहट गांव के पास पहुंचने पर गोपालपुर निवासी मुकेश पंडा ने साथी चरन लोधी और गुजरा पंडित के साथ उन्हें रोक लिया।
लकड़ी कटाई की मजदूरी के रुपये को लेकर राजा और मुकेश में विवाद हो गया। आरोप है कि गालीगलौज के दौरान नशे में मुकेश ने चाकू से राजा पर दो वार किए। एक वार पेट और दूसरा हाथ में लगा। इसी दौरान आरोपियों ने जेब से 15 हजार रुपये भी छीन लिए।
घायल राजा किसी तरह ससुराल महादेवपुर गांव पहुंचे। वहां कोई नहीं मिला तो गांव के किनारे शीतला मंदिर के पास बैठ गए। बाद में पहुंचे रिश्तेदार उन्हें थाने ले गए। पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि मजदूरी के लेनदेन को लेकर चाकूबाजी हुई है। मुकेश समेत तीन आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। तीनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।